देहरादून। मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. बीवीआरसी पुरुषोत्तम ने विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के बाद उत्तराखंड की अंतिम मतदाता सूची जारी कर दी है। एसआईआर के दौरान प्रदेशभर में कुल 9,41,685 मतदाताओं के नाम हटाए गए, जबकि प्री-एसआईआर और इससे पहले की प्रक्रिया में 4,53,459 मतदाता कम हुए थे। इस तरह प्री-एसआईआर और एसआईआर को मिलाकर प्रदेश में कुल 13,95,144 मतदाताओं के नाम हटाए गए।
सचिवालय स्थित मीडिया सेंटर में आयोजित प्रेस वार्ता में मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. पुरुषोत्तम ने बताया कि 8 जून को एसआईआर शुरू होने के समय प्रदेश में 79,60,762 मतदाता दर्ज थे। इसके बाद 14 जुलाई को ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी की गई, जिसमें 8,26,977 मतदाताओं के नाम कम होने के बाद प्रदेश में 71,33,785 मतदाता रह गए थे।
उन्होंने बताया कि 14 जुलाई से 28 सितंबर के बीच आपत्तियों, विसंगतियों और दावों की सुनवाई एवं निस्तारण की प्रक्रिया चली। इस दौरान 1,04,708 मतदाता और कम हुए, जिसके बाद मतदाताओं की संख्या 70,29,077 रह गई।
वहीं, एसआईआर की प्रक्रिया के दौरान 1,29,872 नए मतदाता भी सूची में शामिल किए गए। इसके बाद 3 अक्टूबर को जारी अंतिम मतदाता सूची के अनुसार उत्तराखंड में अब कुल 71,58,949 मतदाता हैं।
अंतिम मतदाता सूची के अनुसार प्रदेश में कुल 71,58,949 मतदाताओं में 37,37,701 पुरुष, 34,21,036 महिला और 212 थर्ड जेंडर मतदाता शामिल हैं।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि एसआईआर के दौरान प्रदेश में प्राप्त कुल आपत्तियों में से 92.22 प्रतिशत आपत्तियां खारिज हुई हैं। उन्होंने बताया कि फॉर्म-7 के तहत विभिन्न कारणों से मतदाता सूची से नाम हटाने के लिए कुल 96,704 आपत्तियां प्राप्त हुईं। इनमें से 89,182 आपत्तियां खारिज कर दी गईं।
डॉ. पुरुषोत्तम ने कहा कि खारिज की गई आपत्तियों को अभी देखा जाएगा और मामले के अनुसार नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
7 अक्टूबर से शुरू होगा विशेष अभियान
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि मतदाता सूची में छूटे हुए लोगों और नए पात्र मतदाताओं को शामिल करने के लिए 7 अक्टूबर से एक माह का विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत पात्र नागरिक फॉर्म-6 भरकर मतदाता सूची में अपना नाम शामिल कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे।
उन्होंने कहा कि जरूरत के अनुसार नाइट शेल्टर, श्रमिकों, गरीबों और बेघर लोगों के लिए हेल्प डेस्क तथा विशेष शिविर भी लगाए जाएंगे, ताकि कोई पात्र नागरिक मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे।
प्रेस वार्ता में अपर मुख्य निर्वाचन अधिकारी डॉ. विजय कुमार जोगदंडे, संयुक्त मुख्य निर्वाचन अधिकारी प्रकाश चंद्र दुम्का, उप मुख्य निर्वाचन अधिकारी किशन सिंह नेगी और सहायक मुख्य निर्वाचन अधिकारी मस्तू दास भी मौजूद रहे।
एक नजर में आंकड़े
– अंतिम मतदाता: 71,58,949
– पुरुष मतदाता: 37,37,701
– महिला मतदाता: 34,21,036
– थर्ड जेंडर: 212
– एसआईआर शुरू होने पर मतदाता: 79,60,762
– 14 जुलाई की ड्राफ्ट सूची में: 71,33,785
– एसआईआर के दौरान नए मतदाता: 1,29,872
– एसआईआर प्रक्रिया में बाद में कम हुए: 1,04,708
– प्री-एसआईआर व इससे पहले हटे मतदाता: 4,53,459
– एसआईआर के दौरान हटाए गए मतदाता: 9,41,685
– प्री-एसआईआर और एसआईआर मिलाकर कुल कमी: 13,95,144
– फॉर्म-7 के तहत प्राप्त आपत्तियां: 96,704
– खारिज आपत्तियां: 89,182
– 7 अक्टूबर से: फॉर्म-6 का एक माह का विशेष अभियान





