BJP vs Cong । अपने बयान से पलटीं हिमाचल कांग्रेस प्रमुख! अनुराग ठाकुर के सवाल पर दिया यह जवाब
हिमाचल प्रदेश में इस साल विधानसभा के चुनाव प्रस्तावित हैं। हिमाचल प्रदेश में भाजपा और कांग्रेस के बीच ही अब तक चुनाव होता रहा है। लेकिन आम आदमी पार्टी के आने से इस बार का चुनाव दिलचस्प हो गया है। इन सबके बीच हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह का एक बयान आज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। इसके बाद से हिमाचल प्रदेश की राजनीति गर्म हो गई। प्रतिभा सिंह के बयान पर कांग्रेस नेताओं की भी हवाइयां उड़ने लगी। इसका सबसे बड़ा कारण यह था कि प्रतिभा सिंह का बयान गांधी परिवार के खिलाफ था। कई नेता डैमेज कंट्रोल में आए। लेकिन भाजपा ने इसे बड़ा मुद्दा बना दिया। अपने बयान में प्रतिभा सिंह ने कहा था कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं को महत्व और समय नहीं देते। यही कारण है कि पार्टी के भीतर असंतोष बढ़ा है। इसके बाद से भाजपा की ओर से कांग्रेस पर निशाना साधा गया। केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने कहा कि देश में ये पहला उदाहरण नहीं है जहां एक परिवार के अलग-अलग लोग अलग-अलग पदों पर बैठे हैं। प्रतीभा सिंह(हिमाचल प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष) ने खुद कहा है कि राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के पास अपने ही नेताओं से मिलने के लिए समय नहीं है। वहीं, भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष सुरेश कश्यप ने भी कांग्रेस से कई सवाल पूछे। उन्होंने साफ तौर पर कहा कि कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष का दर्द उनकी वाणी से साफ तौर पर झलक रहा है। कांग्रेस पार्टी में घुटन का माहौल है। इसी के कारण कई नेता महत्वपूर्ण पदों से इस्तीफा दे रहे हैं। हालांकि प्रतिभा सिंह का पलटवार भी सामने आ चुका है। प्रतिभा सिंह ने साफ तौर पर कहा है कि गांधी परिवार के लिए उनके मन में इज्जत हमेशा से रही है।